डायल-112 के चालकों के साथ एसएसपी की बैठक, त्वरित रिस्पॉन्स और बेहतर व्यवहार के दिए निर्देश

 




भागलपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर में आपातकालीन सेवा डायल-112 की कार्यप्रणाली को अधिक चुस्त-दुरुस्त और संवेदनशील बनाने के लिए पुलिस महकमे ने कवायद तेज कर दी है।

इसी कड़ी में बुधवार को स्मार्ट सिटी सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव एवं नगर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा की संयुक्त अध्यक्षता में डायल-112 के चालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान पुलिस के वरीय अधिकारियों ने चालकों को आपातकालीन सूचना मिलते ही बिना किसी देरी के त्वरित रिस्पॉन्स करने और कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचने के कड़े निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि डायल-112 पुलिस की सबसे त्वरित रिस्पॉन्स टीम है, इसलिए संकट के समय आम नागरिकों तक समय पर सहायता पहुंचाना ही इसकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

इसके साथ ही अधिकारियों ने चालकों को आम जनता के साथ संवेदनशील, शालीन और मददगार व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के दौरान पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी बेहद जरूरी है। संकट में फंसे नागरिकों को तत्काल और प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराकर ही इस सेवा के मूल उद्देश्य को पूरा किया जा सकता है।

बैठक में पुलिस पदाधिकारियों ने चालकों की समस्याओं को भी सुना और कार्यक्षमता बढ़ाने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर