एसएसपी ने पुलिस केंद्र के पालना घर और अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
सारण, 30 मार्च (हि.स.)। पुलिस केंद्र स्थित पालना घर और अस्पताल का वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत पुलिस केंद्र स्थित पालना घर से हुई। एसएसपी ने वहां बच्चों के रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पोषण और सुरक्षा मानकों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों को निर्देशित किया कि बच्चों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की देखभाल निर्धारित मानकों के अनुरूप हो और स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। अधिकारियों को पालना घर की सतत मॉनिटरिंग और नियमित निरीक्षण के भी निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अस्पताल का रुख किया। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति और इमरजेंसी सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल के जवानों और पदाधिकारियों को त्वरित एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलना सुनिश्चित करें। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी उपकरणों को क्रियाशील रखने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने का आदेश दिया। इस निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस परिवार के कल्याण हेतु संचालित सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने परिवार और स्वयं के स्वास्थ्य के प्रति निश्चिंत रह सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार