एसएसबी का हर घर तिरंगा अभियान, जवानों ने लगाई तीन किलोमीटर की दौड़
अररिया 07 अगस्त(हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 56वीं वाहिनी की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी बाह्य सीमा चौकी पर शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाला गया। साथ ही एसएसबी 56 वीं बटालियन मुख्यालय बथनाहा में सशस्त्र सीमा बल की ओर से स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लघु मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
एसएसबी 56 वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी सह कमांडिंग ऑफिसर नितिन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित लघु मैराथन दौड़ और तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में जवानों और आम नागरिकों ने तीन किलोमीटर की दौड़ लगाई।आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और स्थानीय नागरिकों में देशप्रेम, स्वास्थ्य जागरूकता तथा एकजुटता का संदेश को बढ़ावा देना रहा।देश भक्ति के गीतों, भारत माता के जयकारों और लोगों के असीम उत्साह के साथ मैराथन का शुभारंभ हुआ। मैराथन में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं सहित हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तिरंगे गुब्बारों और राष्ट्रीय ध्वज से सजे मार्ग पर दौड़ते प्रतिभागियों का जज़्बा देखने लायक था।
द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का हौसला आफजाई करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले सभी ग्रामीण युवाओं को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता,कमान अधिकारी प्रवीण कुमार,उप कमांडेंट रविकांत चौधरी, उप-कमांडेंट मदन मोहन भट्ट तथा अधिनस्थ अधिकारी एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर