एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 54 लीटर नेपाली शराब बरामद, दो महिला तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 26 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर एवं भपटियाही थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 लीटर नेपाली शराब, एक कार और तीन मोटरसाइकिल जब्त की है। इस दौरान दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह के निर्देशन में रविवार सुबह करीब 5:50 बजे सीमा चौकी सिमरीघाट एवं भपटियाही थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम कोढ़ली, वार्ड संख्या-06 स्थित एक घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से 180 बोतल नेपाली शराब दिलवाले (प्रत्येक 300 मिलीलीटर), कुल 54 लीटर बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान हुंडई आई 10 कार (बीआर 50एई -2183) तथा तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। महिला पुलिसकर्मियों ने दो महिला को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, तीन अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
जब्त की गई शराब, वाहन एवं गिरफ्तार दोनों महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भपटियाही थाना को सौंप दिया गया है। इस संयुक्त अभियान में एसएसबी की ओर से उप निरीक्षक (सामान्य) संदीप नाथ तथा बिहार पुलिस की ओर से पीटीसी मनीष पासवान सहित अन्य जवान शामिल रहे। एसएसबी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, अवैध शराब कारोबार और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के विरुद्ध उसकी सतर्कता और अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र