मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर एसएसबी में कार्यशाला शुरू

 






सुपौल, 18 सितंबर (हि.स.)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के वाहिनी मुख्यालय में मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यवाहक कमांडेंट एवं द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में गुरुवार को कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला 17 और 18 सितंबर को आयोजित की जा रही है।

कार्यशाला के प्रथम दिन असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट, सुपौल के एलपीओ सतीश कुमार ने एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, कारणों और इसके प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने मानव तस्करी के संभावित पीड़ितों की पहचान, उनके संरक्षण तथा ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के तरीकों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण के दौरान मानव तस्करी की रोकथाम के लिए विभिन्न संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और सूचना मिलने पर प्रभावी कार्रवाई करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी जैसी गतिविधियों की पहचान और रोकथाम में बल कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य एसएसबी कर्मियों को मानव तस्करी से जुड़े मामलों के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना तथा सीमा क्षेत्र में इसकी रोकथाम के लिए उनकी कार्यक्षमता को प्रभावी बनाना है। कार्यशाला में वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी सहित अन्य बल कर्मियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र