एसएसबी सुपौल में विधि-विधान से हुई कलश स्थापना, मां दुर्गा की आराधना में शामिल हुए अधिकारी व जवान

 




सुपौल, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सुपौल में विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई। उप महानिरीक्षक विजय सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में केंद्र के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी ने भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कलश स्थापना के दौरान धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों का विधिवत पालन किया गया।

पूजा-अर्चना के दौरान मां दुर्गा से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली, सुख-शांति एवं समृद्धि के साथ-साथ राष्ट्र की सुरक्षा और उन्नति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। अधिकारियों, जवानों और प्रशिक्षुओं ने श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ पूजा में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर धार्मिक आयोजन के महत्व पर भी जोर दिया गया। ऐसे कार्यक्रमों से कार्मिकों एवं प्रशिक्षुओं के बीच आध्यात्मिक चेतना विकसित होने के साथ आपसी सद्भाव, एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करने से संगठन के सदस्यों के बीच पारस्परिक जुड़ाव और सकारात्मक वातावरण को भी प्रोत्साहन मिलता है।

रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का समापन मां दुर्गा से सभी के कल्याण, राष्ट्र की सुरक्षा तथा समाज में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की मंगलकामना के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र