एसएसबी और फुलकाहा थाना पुलिस ने 11.5 किलो गांजा किया जब्त
अररिया 08 सितम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी फुलकाहा कि टीम और फुलकाहा थाना पुलिस के संयुक्त अभियान में मंगलवार को 11.5 किलो गांजा बरामद किया गया।
मंगलवार को एसएसबी 56वीं वाहिनी बथनाहा की आई समवाय फुलकाहा और स्थानीय पुलिस द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 187 के पास लगभग 50 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर खरहिया बस्ती में विशेष संयुक्त नाका लगाया गया।नाका मिली गुप्त सूचना के आधार पर लगाया गया।
नाका ड्यूटी के दौरान नेपाल की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति अपने सिर पर बोरी लादकर भारत की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। जब संयुक्त बल की टीम उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी, तो वह व्यक्ति नेपाल सीमा की नजदीकी का फायदा उठाकर सामान फेंककर वापस नेपाल की ओर भाग निकला।
मौके पर छोड़ी गई बोरी की मादक पदार्थ जांच किट से गहन जांच करने पर उसमें से 11.5 किलो गांजा बरामद हुआ।इस संयुक्त अभियान में सशस्त्र सीमा बल की तरफ से 04 कार्मिक और फुलकाहा थाना पुलिस के तीन पुलिसकर्मी शामिल थे।जब्त किए गए गांजा को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए फुलकाहा थाना के सुपुर्द किया गया ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर