बक्सर में श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक
बक्सर, 23 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से की। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने मेला की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई।
साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं के दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद बक्सर व डुमरांव को मेला शुरू होने से पहले प्रमुख मार्गों की सफाई, चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का निर्देश दिया। अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया। विद्युत विभाग को कांवर यात्रा मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा ढीले तारों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निकायों को पेयजल, स्वच्छता, गड्ढों की मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। सिविल सर्जन को सभी अस्पतालों में एम्बुलेंस, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
कांवरियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था, प्रमुख तिथियां घोषित
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष श्रावण माह 30 जुलाई से शुरू होगा। प्रथम सोमवारी 3 अगस्त, द्वितीय 10 अगस्त, तृतीय 17 अगस्त और चतुर्थ सोमवारी 24 अगस्त को होगी। बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने कहा कि मेला अवधि में सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra