खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, 17 सरस्वती संस्कार केन्द्र के खिलाड़ी हुए शामिल
भागलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय नरगाकोठी चंपानगर भागलपुर में शनिवार को खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें नगर एवं नगर के आसपास चलने वाले 17 सरस्वती संस्कार केन्द्र के भैया बहनों ने भाग लिया।
इस खेलकूद प्रतियोगिता में 17 सरस्वती संस्कार केन्द्र के 97 भैया/ बहनों ने 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद एवं गोला फेंक की प्रतियोगिता में भाग लिया। साथ ही सरस्वती संस्कार केंद्र के भैया बहनों को पढ़ने वाली दीदी ने भी 200 मीटर दौड़ की प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया बहनों को पुरस्कार के साथ ही सभी भैया बहन को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
भागलपुर विभाग के जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने कहा कि खेलकूद का महत्व हमारे जीवन में अत्यधिक है। यह शरीर और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर नरगाकोठी के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि खेल न केवल मनोरंजन का स्रोत है बल्कि यह व्यक्ति को स्वस्थ रखने और अनुशासन सीखने में मदद करता है। बचपन से ही खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनना चाहिए ताकि शरीर स्वस्थ रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में अतिथि परिचय महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा द्वारा, प्रस्तावना संस्कार केंद्र प्रमुख गंगा चौधरी द्वारा, मंच संचालन परमेश्वर कुमार द्वारा एवं धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के अध्यापक राजकुमार ठाकुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्कार केंद्र के संच प्रमुख संतोष कुमार, भैरव कुमार यादव, सैनिक स्कूल गणपत राय के एन सी सी ऑफिसर सागर कुमार, संजय कुमार मंडल, गौरी शंकर मिश्र, शशि भूषण मिश्र एवं एवं 17सरस्वती संस्कार केंद्र से आए दीदी और भैया बहन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर