चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता संपन्न, प्रमंडल स्तर पर करेंगे कटिहार का प्रतिनिधित्व
कटिहार, 30 सितंबर (हि.स.)। कटिहार में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय बालक/बालिका (अंडर-14, 17 एवं 19) खेल प्रतियोगिता-2026 बुधवार को भव्य समारोह के साथ संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के चौथे एवं अंतिम दिन वुशु, बालक अंडर-19 क्रिकेट तथा साइकिलिंग स्पर्धाओं के रोमांचक मुकाबले कराए गए। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी तथा एकल स्पर्धाओं के शीर्ष तीन खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता से चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ी आगामी प्रमंडल (मंडल) स्तरीय खेल प्रतियोगिता में कटिहार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
समापन समारोह में अपर समाहर्ता, कटिहार एवं उपाधीक्षक (शारीरिक शिक्षा) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न खेल विधाओं के विजेता व उपविजेता दलों को ट्रॉफी तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल से अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। निरंतर अभ्यास से ही खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
प्रमंडल स्तर पर कटिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित खिलाड़ी
खेल विभाग के अनुसार, चार दिनों तक चली इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई है। इन चयनित बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को निर्धारित कोटे के अनुरूप प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा।
सरकारी व निजी स्कूलों के बच्चों ने दिखाया उत्साह
चार दिवसीय इस खेल महाकुंभ में जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों तथा मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंतिम दिन वुशु, साइकिलिंग और क्रिकेट मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सफल आयोजन से जिले के उदीयमान खिलाड़ियों में खेल के प्रति जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह