सारण में अनुमंडल पदाधिकारी सदर की अध्यक्षता में बनेगी खेल कमेटी: जिलाधिकारी
सारण, 19 अगस्त (हि.स.)।समाहरणालय सभागार में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला खेल पदाधिकारी एवं विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार, बुनियादी ढांचे के विकास और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी खेल संघों को अपने-अपने खेलों के लिए भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने तथा पूरे वर्ष का वार्षिक खेल कैलेंडर सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान के लिए विद्यालय, प्रखंड एवं जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं व स्पोर्ट्स मीट आयोजित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा सदर एसडीओ की अध्यक्षता में एक खेल कमेटी गठित कर बायलॉज बनाने का निर्देश भी जिला खेल पदाधिकारी को दिया। बैठक में प्रसिद्ध सोनपुर मेला के अवसर पर सभी छोटे-बड़े खेलों को शामिल करते हुए एक वृहद खेल टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना पर विशेष रूप से सहमति बनी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार