घर से 500 मीटर दूर मौत का कहर, तेज रफ्तार हाइवा ने पिता-पुत्र को रौंदा

 




सीवान, 27 सितंबर (हि.स.)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विदूर्ती हाता गांव के समीप जवाहर नवोदय विद्यालय के बगल स्थित हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया। हादसे में टड़वां गांव निवासी मुकेश कुमार और उनके पुत्र बिट्टू कुमार की मौत हो गयी।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक समेत पिता-पुत्र हाइवा के नीचे फंस गये। जेसीबी की मदद से हाइवा को हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भतीजे अमित कुमार ने बताया कि मुकेश कुमार अपने पुत्र बिट्टू को बाइक पर बैठाकर सब्जी खरीदने के लिए बाजार जा रहे थे। जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप हकाम की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने विपरीत दिशा में जाकर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक समेत हाइवा के नीचे फंस गये।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के लोगों ने पिता-पुत्र को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन बाइक हाइवा के नीचे बुरी तरह फंस गयी थी। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से हाइवा को हटाया गया और दोनों को बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मुकेश कुमार के एक पुत्र और एक पुत्री हैं।वह निजी विद्यालय और कोचिंग संस्थान में पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

प्रत्येक रविवार को वह अपने पुत्र बिट्टू को साथ लेकर बाजार जाते थे। रविवार की शाम भी वह बेटे को बाइक पर बैठाकर सब्जी खरीदने निकले थे. इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। परिजनों के अनुसार, हाइवा पर गिट्टी लदी हुई थी. हादसे के बाद चालक हाइवा को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण हाईवे पर पहुंच गये. पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है।

पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पिता और पुत्र की मौत हुई है। हाइवा को जब्त कर लिया गया है.

मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma