विशेष वाहन जांच अभियान में 184 वाहनों से 3.10 लाख जुर्माने की राशि की वसूली
अररिया, 30 जुलाई(हि.स.)। जिला में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की ओर से जिले भर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 184 वाहनों से कुल 3 लाख 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
यह अभियान दो चरणों में चलाया गया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए पहले चरण में 57 वाहनों से 1 लाख 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त, हाईवे पर भी सघन जांच जारी रही, जहां हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने 127 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 82 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
जांच के दौरान मुख्य रूप से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, आवश्यक दस्तावेजों की कमी, ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में चालान काटे गए।
एसपी कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में वाहन जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर