राजकीय पॉलिटेक्निक मढ़ौरा में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

 


सारण, 19 अगस्त (हि.स.)। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मढ़ौरा में इन्फोसिस लाइवलिहुड अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इन्फोसिस सीएसआर के अंतर्गत इनोवेशन कम्स जॉइंटली द्वारा पूरी तरह निःशुल्क संचालित किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, डिजिटल दक्षता और साक्षात्कार कौशल को निखारकर उन्हें आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।

संस्थान के प्राचार्य डॉ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे उद्योगोन्मुखी कार्यक्रम विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने में काफी सहायक साबित होते हैं। सहायक प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट पदाधिकारी प्रो विजया लक्ष्मी कुमारी ने जानकारी दी कि यह प्रशिक्षण अंतिम वर्ष के छात्रों को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया है।

सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे और कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. रजनीश कुमार सिंह, प्रो. ओम प्रकाश आदित्य तथा प्रो. सन्नी कुमार ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार