रेलवे की परीक्षा में शामिल होने काे लेकर भागलपुर के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
अररिया 06 मई(हि.स.)। भागलपुर का लाइफलाइन मानी जाने वाली विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने से 7 मई से शुरू होने वाली रेलवे की प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने वाले सीमांचल के हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर संकट गहरा गया है।विक्रमशिला सेतु के स्लैब के ढह जाने के कारण सड़क मार्ग के अवरुद्ध हो जाने के कारण सीमांचल के छात्रों का प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने का संकट गहरा गया है।फलस्वरूप रेलवे की प्रतियोगिता परीक्षा के मद्देनजर भागलपुर परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है।दरअसल पूर्णिया, अररिया और कटिहार के बड़ी संख्या में छात्रों का परीक्षा केंद्र भागलपुर बनाया गया है, लेकिन आवागमन के रास्ते बंद होने से छात्रों में परीक्षा छूटने का डर व्याप्त है।
भाजपा युवा नेता अविनाश कन्नौजिया अंशु ने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने से भागलपुर और सीमांचल का सड़क संपर्क टूट चुका है। बस या निजी वाहनों से परीक्षा केंद्र पहुंचना वर्तमान में असंभव है।रेलवे की वर्षों की तैयारी के बाद परीक्षा का समय आया है, लेकिन केंद्र तक पहुंचने का कोई सुगम साधन नहीं होने से हजारों युवाओं का एक साल और मेहनत बर्बाद होने की कगार पर है
।उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप की मांग की है।छात्रों के व्यापक हित और आपातकालीन स्थिति को देखते हुए रेल मंत्रालय से 7 मई से पहले जोगबनी से भागलपुर के लिए 'विशेष परीक्षा ट्रेन' का परिचालन शुरू करने की मांग की,ताकि परीक्षार्थियों को असुविधा न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर