सुल्तानगंज-जमालपुर के बीच चलेंगी विशेष शटल ट्रेनें; कल्याणपुर रोड स्टेशन पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव
भागलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)।
दुर्गा पूजा मेले के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने विशेष व्यवस्था की है।
मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में त्योहार के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत 17 से 21 अक्टूबर तक सुल्तानगंज और जमालपुर के बीच 12 कोच वाली मेमू रेक के साथ विशेष शटल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।
साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए कल्याणपुर रोड स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस अवधि में कल्याणपुर रोड स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों की गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।
यह शटल ट्रेनें दोनों दिशाओं में मार्ग के सभी स्टेशनों एवं हॉल्टों पर रुकेंगी। वहीं कल्याणपुर रोड स्टेशन पर 13235 साहिबगंज–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, 13072 जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस, 13024 गया–हावड़ा एक्सप्रेस, 13016 जमालपुर–हावड़ा कविगुरु एक्सप्रेस और 22947 सूरत–भागलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का अतिरिक्त ठहराव होगा। वहीं भीड़ पर चौबीसों घंटे निगरानी के लिए मालदा कंट्रोल में एक समर्पित वार रूम बनाया गया है। रेलवे अधिकारी और पर्यवेक्षक स्टेशन पर तैनात रहेंगे। अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के साथ राज्य पुलिस और स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा।
यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए स्टेशन के दोनों छोर पर अस्थायी रास्तों और उचित बैरिकेडिंग का निर्माण किया गया है। स्टेशन पर पर्याप्त रोशनी, आपातकालीन पावर बैकअप, समर्पित चिकित्सा दल और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। मालदा मंडल ने सभी श्रद्धालुओं और दैनिक यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें। रेलवे ट्रैक पर न चलें, न बैठें और न ही प्लेटफॉर्म बदलने के लिए पटरी पार करें, क्योंकि दूसरे ट्रैक पर कभी भी दूसरी ट्रेन आ सकती है। सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के लिए रेल कर्मचारियों का सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर