भागलपुर–सुल्तानगंज–जमालपुर रेलखंड का निरीक्षण, विशेष टिकट-जांच अभियान संचालित
भागलपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। डॉ. उदय शंकर झा, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक पूर्व रेलवे ने कार्तिक सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मालदा के साथ शुक्रवार को भागलपुर – सुल्तानगंज – जमालपुर रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही यात्री सुविधाओं, वाणिज्यिक व्यवस्थाओं एवं सेवाओं की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान पीसीसीएम ने सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर स्थित खाद्य स्टॉलों का निरीक्षण किया, जिसमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं हाइजीन मानकों पर विशेष जोर दिया गया। इस निरीक्षण ने सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के प्रति पूर्व रेलवे की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया। निरीक्षण के साथ-साथ भागलपुर–सुल्तानगंज–जमालपुर रेलखंड में विशेष टिकट-जांच अभियान भी संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत इस मार्ग पर संचालित गाड़ी संख्या 13016 जमालपुर–हावड़ा कविगुरु एक्सप्रेस, 12335 भागलपुर–मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 13334 पटना–दुमका एक्सप्रेस, 12367 भागलपुर–आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस, 13071 जमालपुर–हावड़ा एक्सप्रेस, 15658 ब्रह्मपुत्र मेल एवं 13241 बांका–राजेंद्र नगर टर्मिनल एक्सप्रेस में भी टिकट-जांच की गई। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के कुल 375 मामले दर्ज किए गए तथा 2,90,905/- की राशि दंडस्वरूप वसूल की गई।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर नियंत्रण करना, यात्रियों को उचित एवं वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना तथा सुरक्षित, अनुशासित एवं यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण सुनिश्चित करना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर