सारण में छूटे लाभार्थियों के लिए शुरू हुआ विशेष एचपीवी अभियान

 




सारण, 08 अगस्त (हि.स.)। महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर यानी सर्वाइकल कैंसर रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सारण जिले में एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत 31 अगस्त तक 5,350 वंचित बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीन सर्वावैक की दूसरी खुराक दी जाएगी।

राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय के निर्देश पर जिले में यह कार्ययोजना तैयार की गई है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ सुरेंद्र महतो ने बताया कि मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना के अंतर्गत 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को 6 महीने के अंतराल पर दो खुराकें निःशुल्क दी जा रही हैं।

सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण एचपीवी का दीर्घकालिक संक्रमण है। किशोरावस्था में ही यह टीका लग जाने से शरीर में वायरस के खिलाफ मजबूत प्रतिरोधक क्षमता तैयार हो जाती है। शुरुआती दौर में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, लेकिन बाद में असामान्य रक्तस्राव या पेल्विक दर्द जैसी समस्याएं दिख सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम के जरिए अभिभावकों से संपर्क कर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने में जुटा है, ताकि कोई भी बालिका पूर्ण सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार