लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पीरपैंती नगर पंचायत ने कसी कमर, घाटों पर चल रहा विशेष सफाई अभियान

 


भागलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)।

आगामी छठ पूजा के मद्देनजर भागलपुर के नगर पंचायत पीरपैंती द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छठ घाटों पर स्वच्छता और साफ-सफाई का विशेष अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।

लोक आस्था के इस महापर्व के दौरान छठव्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिख रहा है।इस विशेष अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों एवं संबंधित पोखरों की गहन साफ-सफाई की जा रही है।

इसके साथ ही घाटों के आसपास जमा गंदे पानी की निकासी और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर पंचायत का मुख्य उद्देश्य छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

प्रशासनिक स्तर पर भी इस महापर्व को लेकर गंभीरता देखी जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा छठ पूजा के मद्देनजर संबंधित नगर निकायों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी घाटों की साफ-सफाई, जल निकासी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तमाम आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर हर हाल में सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया है।

इसी कड़ी में पीरपैंती नगर पंचायत द्वारा घाटों की व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि यह महापर्व पूरी पवित्रता, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर