भागलपुर में बाढ़ राहत शिविरों में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए विशेष अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
भागलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण के लिए एक विशेष पहल शुरू की गई है।
इसी क्रम में शनिवार को बरारी स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज बाढ़ राहत शिविर में एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता तथा गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को आपदा के समय होने वाले मानसिक तनाव, चिंता, भय और नींद की समस्याओं के प्रति जागरूक करना था। स्वास्थ्य कर्मियों ने शिविर में रह रहे लोगों को मानसिक रूप से मजबूत रहने, अपनी परेशानियां अपनों औश्र डॉक्टरों से साझा करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत मनोसामाजिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए गैर-संचारी रोगों की विशेष स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान उच्च रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर) और अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। लोगों को कैंसर के शुरुआती और संभावित लक्षणों के प्रति सचेत किया गया। जांच में संदिग्ध पाए गए मरीजों को जरूरी चिकित्सकीय परामर्श देकर आगे के इलाज के लिए बड़े स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की इस विशेष टीम में गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. पंकज मनस्वी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मणि भूषण झा, जिला लेखा प्रबंधक श्री सोमेश झा एवं मनोवैज्ञानिक निशांत कुमार शामिल थे। टीम के अधिकारियों ने बताया कि आपदा के इस दौर में राहत कार्यों के साथ-साथ उन मरीजों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जो नियमित दवाएं लेते हैं। इसके अलावा बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों जैसे संवेदनशील समूहों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर