छपरा में 9 अगस्त तक पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए विशेष शिविर आयोजित

 






सारण, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले के सभी 20 प्रखंडों में 9 अगस्त तक प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य पात्र परिवारों को योजना का सीधा लाभ पहुंचाना और सोलर रूफटॉप संस्थापन में सहायता प्रदान करना है।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने के निर्देश दिए हैं। शिविर में आने वाले लाभार्थियों को योजना की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी, बैंक ऋण सुविधा और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।

प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए प्रत्येक शिविर में संबंधित प्रखंड के जूनियर इंजीनियर, अधिकृत वेंडर्स, बैंक प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद हैं। साथ ही, पूर्व में लाभान्वित उपभोक्ता अपने अनुभव साझा कर नए आवेदकों को प्रेरित कर रहे हैं। बैंक प्रतिनिधि ऋण संबंधी जानकारी दे रहे हैं।

वहीं तकनीकी टीम आवेदन से लेकर रूफटॉप स्थापना तक सहायता कर रही है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 9 अगस्त तक आयोजित इन शिविरों में भाग लेकर योजना का लाभ उठाएं और हरित ऊर्जा को अपनाकर अपने बिजली बिल में कमी लाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार