दस केंद्रों पर विशेष शाखा सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा कदाचारमुक्त संपन्न

 


किशनगंज, 28 जून (हि.स.)। बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पद पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा रविवार को जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।

परीक्षा एक पाली में आयोजित की गई। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 4,693 अभ्यर्थियों में से 1,788 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2,905 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में किशनगंज सहित आसपास एवं दूर-दराज के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए।

परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पूर्व ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश पत्र के सत्यापन एवं सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

वहीं परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों के साथ-साथ वीक्षकों के लिए भी मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहा। जिला प्रशासन की सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह