प्रणय चंद्रवंशी के हत्यारो पर होगी शख्त कार्रवाई : डॉ प्रेम

 


नवादा, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले के हिसुआ के ग्राम पंचु गढ़पर निवासी 22 वर्षीय प्रणय भारती चंद्रवंशी की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गहरा दुःख ब्यक्त करते हुए हत्यारो के विरुद्ध शख्त कार्रवाई की बात कही है।

डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि घटना के सूचना मिलते ही नवादा के पुलिस अधीक्षक से तत्काल दूरभाष पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली तथा हत्या में संलिप्त अपराधी के विरुद्ध कठोर एवं उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी को गिरफ्तार कर उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने की दिशा में कार्य करे।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि नवादा में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने मृतक प्रणय भारती चंद्रवंशी की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि इस अत्यंत दुःख की घड़ी में परिजनों एवं स्वजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन