अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी सख्त, एएनटीएफ का गठन

 


किशनगंज, 12 जून (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और नागरिक केंद्रित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस सभागार में मई माह की मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सभा का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की। इस दौरान अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए 21 महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का गठन किया गया।

गोष्ठी में सराहनीय कार्य के लिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), एक पुलिस निरीक्षक, एक अवर निरीक्षक एवं एक सहायक अवर निरीक्षक को सम्मानित किया गया। वहीं बेहतर अभियोजन कार्य के लिए पांच पीपी-एपीओ को भी प्रशस्ति प्रदान की गई। बैठक में एसपी ने प्रत्येक थाना में एक क्राइम एसआई, एक तकनीकी एसआई तथा एक कोर्ट नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया। सभी पुलिस पदाधिकारियों को पॉक्सो और एनडीपीएस अधिनियम सहित तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया गया।

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करने, जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा गलत व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा फर्जी दस्तावेज बनाकर ठगी करने वाले गिरोहों, साइबर अपराधियों, मानव तस्करों और रेल अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था सुधारने, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों और निजी वाहनों पर अवैध रूप से पुलिस व प्रेस लिखकर चलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर सभी अधिकारियों को सतर्क निगरानी, निरोधात्मक कार्रवाई तथा भूमि विवाद और सांप्रदायिक मामलों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह