जनसुनवाई में एसपी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

 


सुपौल, 04 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सरथ आर. एस ने गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं।

इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पुलिस अधीक्षक को सौंपे। जनसुनवाई के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त आवेदनों और शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों में त्वरित, पारदर्शी और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निपटारा करने पर भी बल दिया गया।

जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, आपराधिक मामलों, पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतों सहित विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई एक प्रभावी माध्यम है और इससे पुलिस तथा जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने में मदद मिलती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र