कटिहार में गोलीकांड का एक घंटे के भीतर पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

 


कटिहार, 09 सितंबर: मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले का पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में संलिप्त सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, दो मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

घटना के संबंध में दलहन कदेपुरा निवासी वादिनी वंदना कुमारी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, उनका पुत्र आर्यन चौधरी अपने दोस्त गौरव के साथ निकला था। शाम करीब सवा चार बजे गौरव ने सूचना दी कि अंशु यादव, सुधांशु कुमार, आकाश कुमार, अमन कुमार सिंह और अजय कुमार ने मिलकर आर्यन को गोली मार दी है। आनन-फानन में घायल आर्यन को इलाज के लिए के.एम.सी.एच. के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जांच में सामने आया कि बीते अप्रैल माह में एक ढाबे पर हुए विवाद के दौरान अंशु यादव के मित्र चंद्रशेखर उर्फ छोटू सिंह की चाकू लगने से मौत हो गई थी। उस हत्याकांड में आर्यन जेल गया था और दो माह पूर्व ही छूटकर बाहर आया था। इसी पुरानी रंजिश और बदले की नीयत से आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर तुरंत दबिश देकर सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी 20 वर्षीय अंशु यादव, तेजा टोला निवासी 22 वर्षीय सुधांशु कुमार, हृदयगंज निवासी 21 वर्षीय आकाश कुमार, तेजा टोला निवासी 19 वर्षीय अमन कुमार सिंह तथा हृदयगंज निवासी 19 वर्षीय अजय कुमार को धर दबोचा। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह