ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का अनिवार्य अनुपालन करें होटल व विवाह भवन संचालक: महापौर

 


कटिहार, 19 सितंबर (हि.स.)। कटिहार नगर निगम क्षेत्र में 'ठोस एवं अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026' के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को नगर निगम सभा प्रशाल में शहर के होटल एवं विवाह भवन प्रबंधकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महापौर श्रीमती ऊषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण (सेग्रीगेशन) और उसके समुचित निस्तारण को अनिवार्य रूप से लागू करने पर बल दिया गया।

बैठक के दौरान होटल एवं विवाह भवनों से भारी मात्रा में निकलने वाले जैविक (गीले) और अजैविक (सूखे) कचरे के वैज्ञानिक संग्रहण, भंडारण और निष्पादन की व्यवस्था पर बिंदुवार चर्चा की गई। अधिकारियों ने दो-टूक कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के सभी मानकों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित करना होगा।

महापौर श्रीमती ऊषा देवी अग्रवाल ने कहा कि कटिहार को स्वच्छ, सुंदर और कचरामुक्त बनाए रखने में होटल व विवाह भवन संचालकों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने सभी प्रबंधकों से अपील की कि वे नगर निगम के साथ सतत समन्वय बनाकर कचरा प्रबंधन की निर्धारित गाइडलाइन का अक्षरशः पालन करें और स्वच्छता अभियान में अपना सक्रिय सहयोग दें।

नगर निगम आयुक्त संतोष कुमार ने नियमों के तकनीकी और कानूनी पहलुओं की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संचालक अपने-अपने परिसरों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की पुख्ता और मापदंडों के अनुकूल व्यवस्था तत्काल स्थापित करें, ताकि कचरा सड़कों या खुले में न फैले।

बैठक में उप महापौर मंजूर खान, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य प्रमोद महतो, स्वच्छता पदाधिकारी, निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा शहर के विभिन्न होटल एवं विवाह भवनों के प्रबंधक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह