सोलर पैनल पर सब्सिडी और आसान ऋण की जानकारी देने के लिए लगा सोलर मेला

 




किशनगंज, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम नागरिकों को हरित ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में विद्युत विभाग की ओर से एक दिवसीय सोलर मेले का आयोजन किया गया।

मेले की अध्यक्षता जिलाधिकारी नवीन कुमार ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं, बैंक अधिकारियों, अधिकृत सोलर एजेंसियों तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

मेले का मुख्य उद्देश्य लोगों को ऑनग्रिड एवं ऑफग्रिड सोलर सिस्टम, रूफटॉप सोलर योजना तथा सोलर पैनल लगाने पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की जानकारी देना था।

इस दौरान विद्युत विभाग और अधिकृत सोलर एजेंसियों द्वारा विभिन्न प्रकार के सोलर उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। विशेषज्ञों ने सोलर सिस्टम की कार्यप्रणाली, स्थापना प्रक्रिया और उससे होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने से उपभोक्ता अपने बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी ला सकते हैं। इसके साथ ही केंद्र सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

अधिकारियों ने लोगों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। मेले में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। उन्होंने सोलर पैनल लगाने के लिए उपलब्ध किफायती ब्याज दरों वाले ऋण की जानकारी दी तथा ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया से उपभोक्ताओं को अवगत कराया। इससे इच्छुक उपभोक्ताओं को वित्तीय सहायता प्राप्त करने में आसानी होगी।

इस अवसर पर विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल किशनगंज एवं बहादुरगंज ने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भविष्य का सबसे किफायती और टिकाऊ ऊर्जा स्रोत है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों की छतों पर सोलर पैनल लगवाकर स्वच्छ ऊर्जा अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल किशनगंज, कोचाधामन, दिघलबैंक, बहादुरगंज एवं ठाकुरगंज के अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, अधिकृत वेंडर तथा बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।

मेले के माध्यम से लोगों में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह