धान-मक्का व मखाना की बेहतर उपज के लिए मिट्टी की जांच अनिवार्य: कृषि विभाग ने जारी की विशेष एडवाइजरी

 

कटिहार, 27 नवंबर (हि.स.)। आगामी 05 दिसंबर को मनाए जाने वाले 'विश्व मृदा दिवस' के अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) राजीव कुमार ने जिले के किसानों से मिट्टी की उर्वरता और उसके स्वास्थ्य संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही समृद्ध किसान और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है तथा मृदा स्वास्थ्य में सुधार के बिना टिकाऊ कृषि और खाद्य सुरक्षा की कल्पना संभव नहीं है। डीएओ ने किसानों से आग्रह किया कि वे बिना मिट्टी जांच कराए खेतों में अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग न करें और मृदा स्वास्थ्य कार्ड की अनुशंसाओं के आधार पर ही संतुलित खाद डालें।

जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि मिट्टी हमारी कृषि व्यवस्था की आत्मा और सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक पूंजी है, जिसके निर्माण में सैकड़ों वर्ष लग जाते हैं, लेकिन लापरवाही से इसकी उर्वरता बहुत कम समय में नष्ट हो जाती है। उन्होंने बताया कि फसल अवशेषों को जलाने, लगातार एक ही फसल उगाने तथा नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश के असंतुलित उपयोग से मिट्टी में जैविक कार्बन और सूक्ष्मजीवों की सक्रियता घट रही है। इसे रोकने के लिए किसानों को गोबर की सड़ी खाद, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद (ढैंचा व सनई) का उपयोग बढ़ाने के साथ-साथ धान के बाद गेहूं, मक्का और दलहनी फसलों (मूंग, उड़द) को फसल चक्र में शामिल करना चाहिए।

कटिहार की प्रमुख फसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने धान, मक्का, केला और मखाना उत्पादक किसानों को वैज्ञानिक पद्धति, उचित जल निकासी, मल्चिंग और समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल आज का उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए उपजाऊ मिट्टी और सुरक्षित पर्यावरण बचाना भी है। उन्होंने सभी किसानों से विश्व मृदा दिवस पर नियमित मिट्टी जांच कराने, पराली न जलाने और मृदा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह