कटिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 2.77 लाख से अधिक लाभुकों के खाते में पहुंचे 32 करोड़ से ज्यादा रुपये

 


कटिहार, 10 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 1100 रुपये पेंशन की राशि के डीबीटी के माध्यम से अंतरण से संबंधित जिला मुख्यालय स्तर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा डीबीटी के माध्यम से राशि अंतरित किए जाने के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिससे जिलाधिकारी कटिहार के साथ जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभुकगण सभागार से जुड़े रहे। जुलाई 2026 के पेंशन भुगतान हेतु कटिहार जिले के कुल 2,77,671 लाभुकों के बीच 32,06,71,000 (बत्तीस करोड़ छह लाख इकहत्तर हजार) रुपये सीधे उनके खातों में वितरित किए गए।

योजनावार विवरण के अनुसार, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के अंतर्गत सबसे अधिक 1,46,460 लाभुकों को 17,25,00,000 (सत्रह करोड़ पच्चीस लाख) रुपये तथा इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 54,194 लाभुकों को 6,02,22,800 (छह करोड़ दो लाख बाईस हजार आठ सौ) रुपये की राशि भेजी गई। इसके अतिरिक्त, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के अंतर्गत 30,828 लाभुकों को 3,47,43,500 (तीन करोड़ संतालीस लाख तितालीस हजार पाँच सौ) रुपये डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए गए।

वितरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 25,106 लाभुकों को 2,83,62,600 (दो करोड़ तिरासी लाख बासठ हजार छह सौ) रुपये और इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 19,673 लाभुकों को 2,32,86,700 (दो करोड़ बत्तीस लाख छियासी हजार सात सौ) रुपये हस्तांतरित किए गए। इसके साथ ही, इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 1,410 लाभुकों को 15,55,400 (पन्द्रह लाख पचपन हजार चार सौ) रुपये की राशि वितरित की गई, जिससे जिले के सभी पात्र पेंशनधारियों को ससमय इस कल्याणकारी योजना का लाभ सुनिश्चित हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह