मुख्यमंत्री ने दी पेंशन की सौगात, कटिहार के 2.63 लाख लाभुकों के खाते में पहुंचे 37.87 करोड़ रुपये
कटिहार, 10 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राज्य के पेंशनधारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से 1100 रुपये की पेंशन राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस योजना के तहत कटिहार जिले के कुल 2,63,506 पेंशनधारियों के खाते में माह जून 2026 के लिए कुल 37 करोड़ 87 लाख 36 हज़ार 700 रुपये की राशि का सफलतापूर्वक भुगतान किया गया है।
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का समाहरणालय स्थित एनआईसी कटिहार में सीधा प्रसारण किया गया, जहाँ विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिले में अलग-अलग पेंशन योजनाओं के तहत राशि भेजी गई। इसमें सबसे अधिक मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,39,003 लाभुकों को 16.18 करोड़ रुपये और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 51,754 लाभुकों को 11.38 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
इसके अलावा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 18,415 लाभुकों को 4.05 करोड़ रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 23,878 लाभुकों को 2.69 करोड़ रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,324 लाभुकों को 29.12 लाख रुपये तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 29,132 लाभुकों को 3.26 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए गए हैं।
एनआईसी कटिहार में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के कई शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उपविकास आयुक्त अमित कुमार, अपर समाहर्त्ता (राजस्व प्रशाखा) बिनोद कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक यशस्वी और विशेष कार्य पदाधिकारी नैमिष कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह