119 बोतल कोरेक्स सिरप के साथ बांका का तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल जब्त

 


भागलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। जिले के युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भागलपुर पुलिस द्वारा एक विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशानुसार जारी “स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” अभियान के तहत पुलिस ने मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप के साथ एक अंतरजिला तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

एसएसपी कार्यालय द्वारा रविवार को दी गई जानकारी के अनुसार, मोजाहिदपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाने के समीप ट्रांसफार्मर के पास अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देशन, सिटी एसपी की निगरानी तथा एसडीपीओ सिटी-02 एवं मोजाहिदपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम जैसे ही मोजाहिदपुर थाना के पास ट्रांसफार्मर के समीप पहुंची, पुलिस बल को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा। मुस्तैद सशस्त्र बल के जवानों ने पीछा कर उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 11.9 लीटर प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप (कुल 119 बोतल) बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तस्कर की एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पकड़ा गया अभियुक्त मो अफजल अली है, जो मूल रूप से इस्लामनगर (थाना- रजौन, जिला- बांका) का रहने वाला है। वह भागलपुर में नशे की खेप खपाने आया था। पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर