सुलतानगंज में 10 ग्राम स्मैक, 2 डिजिटल वेट मशीन और मोबाइल के साथ तीन तस्कर पकड़े गये

 


भागलपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। जिले में युवाओं को नशे के जाल से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर “स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है।

एसएसपी कार्यालय द्वारा रविवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुलतानगंज थाना क्षेत्र से स्मैक की खरीद-बिक्री में शामिल तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 10 ग्राम स्मैक और तौलने वाली डिजिटल मशीनें भी बरामद की हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुलतानगंज थाना क्षेत्र के दुधैला काली मंदिर के पास कुछ अपराधी अवैध मादक पदार्थ (स्मैक) का सौदा कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसएसपी भागलपुर के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में सुलतानगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित विशेष टीम जैसे ही दुधैला काली मंदिर के समीप पहुंची, पुलिस बल को देखते ही तस्करों में हड़कंप मच गया और वे भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद सशस्त्र बल ने पीछा करके तीनों संदिग्धों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान इनके पास से स्मैक की पुड़िया, तौलने वाली डिजिटल वेट मशीन और पैकिंग सामग्री (सिल्वर पेपर) बरामद की गई। पकड़े गए अभियुक्तों में गौतम कुमार निवासी महेशी, सुलतानगंज, छोटू कुमार निवासी – दुधैला, सुलतानगंज और रूदल मंडल, निवासी – दुधैला, सुलतानगंज) शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों अपराधियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर