कोचाधामन में 98.52 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, टेम्पू जब्त

 


किशनगंज, 18 जून (हि.स.)। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोचाधामन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 98.52 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।

इस दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त एक टेम्पू को जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 17 जून को धनपुरा पुलिस पिकेट की टीम रहमतपाड़ा के समीप वाहनों की सघन जांच कर रही थी। जांच के दौरान किशनगंज की ओर से आ रहे एक टेम्पू चालक ने पुलिस को देखकर वाहन घुमाकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान टेम्पू (पंजीकरण संख्या (बीआर 11 एफ 1405) से विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित कुल 98.52 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से चालक सुकेश कुमार, पिता मागन मेहता, निवासी चांदी कठवा, थाना मुफ्फसिल रानीपत्रा, जिला पूर्णिया को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 332/26 दिनांक 17 जून 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस के अनुसार शराब तस्करी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी से प्राप्त जानकारी के आधार पर अवैध शराब कारोबार से अर्जित संपत्ति को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 107 के प्रावधानों के तहत जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

छापेमारी दल में कोचाधामन थानाध्यक्ष इजहार आलम, धनपुरा पिकेट प्रभारी पु.अ.नि. प्रदीप कुमार, परि.पु.अ.नि. प्रतीक्षा कुमार, पीटीसी राजू कुमार साह सहित सशस्त्र बल के जवान एवं चालक शामिल थे। पुलिस ने कहा कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह