157 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, मोबाइल भी जब्त
किशनगंज, 20 जून (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठाकुरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित तस्कर को 157 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में ब्राउन शुगर की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद की गई कार्रवाई में 40 वर्षीय भरत साह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी भरत साह, स्वर्गीय निरंजन साह का पुत्र है और ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के कॉलेज मोड़ स्थित वार्ड संख्या-11 का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 157 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
बरामद मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मोबाइल के कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी तथा इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जाती थी।
ठाकुरगंज पुलिस ने कहा है कि नशा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह