अररिया में स्मैक,भारतीय और नेपाली करेंसी सहित अन्य समानों के साथ तस्कर गिरफ्तार
अररिया 08 अगस्त(हि.स.)। जिले की जोगबनी थाना पुलिस ने बीती रात्रि गुप्त सूचना पर नेताजी चौक वार्ड संख्या 12 स्थित घर में छापेमारी कर एक तस्कर को स्मैक,नेपाली और भारतीय करेंसी,वज़न मापने वाली मशीन और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।पुलिस ने नेताजी चौक वार्ड संख्या 12 निवासी 36 साल के रंजीत साह उर्फ सुमित साह के पास से 52 ग्राम स्मैक,99 हजार 250 रूपये नेपाली मुद्रा,5 हजार 600 भारतीय मुद्रा,वजन मापने वाली मशीन और एक एंड्रॉयड मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।
फारबिसगंज डीएसपी राजकिशोर प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रंजीत उर्फ सुमित साह के द्वारा नशीले पदार्थों का क्रय विक्रय किया जाता है।सूचना के आलोक में छापेमारी पर उसे नशीले पदार्थ और भारतीय और नेपाली मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया गया।मामले में जोगबनी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी टीम में सब इंस्पेक्टर रविराज,महिला सिपाही स्वाति कुमारी,बीएमपी के जवान चंद्रशेखर पासवान,मुकेश कुमार यादव आदि शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर