एसएसबी ने तस्करी कर लाए जा रहे 12 मवेशी के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार
अररिया 29 अगस्त(हि.स.)। एसएसबी 52वीं बटालियन की बाह्य सीमा चौकी मजरख और कुआड़ी के जवानों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए सीमा पार नेपाल से तस्करी कर भारत लाये जा रहे 12 मवेशियों को बरामद किया,जबकि मामले में कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया।विशेष अभियान के तहत 10 भैंस और 2 गाय बरामद की गई हैं, जबकि 3 भारतीय नागरिकों को हिरासत में लिया गया है।यह कार्रवाई शनिवार को बाह्य सीमा चौकी मजरख और कुआड़ी के जवानों द्वारा खुले बॉर्डर पर गश्ती के दौरान की गई।
सीमा चौकी मजरख के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या-165 के पास नाका लगाया था। इसी दौरान कुछ लोगों को भारत से नेपाल की ओर भैंस ले जाते हुए देखा गया।जवानों ने उन्हें रोककर पूछताछ की, लेकिन वे मवेशियों के स्रोत और गंतव्य के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए।इसके बाद 3 व्यक्तियों को हिरासत में और 10 भैंसों को बरामद कर लिया गया। पकड़े गए लोगों और बरामद भैंसों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिकटी थाना को सौंप दिया गया।
इसी क्रम में बाह्य सीमा चौकी कुआड़ी के निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त गश्ती पार्टी ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीमा स्तंभ संख्या-167 के पास गश्ती दल ने एक व्यक्ति नेपाल से भारत की ओर मवेशी लाते हुए दिखा। सुरक्षा बलों को अपनी ओर आता देख वह व्यक्ति मवेशियों को मौके पर छोड़कर सीमा पार कर नेपाल भाग गया।गश्ती दल ने मौके से दो गायों को बरामद किया, जिन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित प्राधिकरण के जिम्मे मवेशी को सौंप दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर