बक्सर के डुमरांव कैम्ब्रिज स्कूल में हुआ मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

 


बक्सर/डुमरांव, 07 अगस्त (हि.स.)। कैम्ब्रिज स्कूल डुमरांव के सभागार में गुरुवार को आयोजित सम्मान समारोह में सीबीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

विद्यालय के चेयरमैन टी.एन. चौबे ने 10वीं में 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बनी दीप्ति चौहान तथा 12वीं में 91 प्रतिशत अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले प्रियांशु कुमार को डिजिटल टैब, मेमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

वहीं 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले संस्कार कुमार, शौर्य प्रकाश, अनी सिंह, कुशाग्र मिश्रा, सुमित कुमार, अदिति कुमारी, अभिषेक कुमार, सर्वेश सिन्हा, प्रकाश पांडेय, लव कुमार, अयान अंसारी और आदित्य कुमार पाल सहित अन्य विद्यार्थियों को स्मार्ट वॉच, मेमेंटो, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। संस्कृत विषय में 100 में 100 अंक लाने वाले संस्कार कुमार और अनी सिंह को भी विशेष सम्मान मिला।

अपने संबोधन में टी.एन. चौबे ने कहा कि विद्यालय की सफलता का आधार प्रतिभाशाली विद्यार्थी, समर्पित शिक्षक और अभिभावकों का विश्वास है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में संचालित इंटीग्रेटेड कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी कराई जाती है, जिससे हर वर्ष बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुभाग प्रभारी रोबिन राय एवं शिक्षिका प्रिया दुबे ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिनेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra