18 लाख मूल्य के स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले के आजमनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 16 से 18 लाख रुपये मूल्य के 205 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी कुशीदा सितलमनी के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।
गुप्त सूचना पर घेराबंदी कर दबोचे गए
थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बंगाल की ओर से अवैध मादक पदार्थ लेकर आजमनगर की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस बल ने कुशीदा सितलमनी के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक बाइक पर आ रहे तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
सगे भाई हैं तीनों तस्कर
तलाशी के दौरान उनके पास से 205 ग्राम स्मैक, 2 मोबाइल फोन तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजमनगर दक्षिण टोला निवासी मो० शमीम अख्तर (40 वर्ष), मो० सद्दाम हुसैन (32 वर्ष) और मो० ताज अशरफी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मो० शाहिद हुसैन के पुत्र हैं।
अग्रतर कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह