स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाईकिल जब्त
कटिहार, 22 मई (हि.स.)। जिले के मुफ्फसिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पत्थलबाड़ी-जाफरगंज सड़क के पास से 100 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल और एक मोटरसाइकिल के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 21 मई की देर रात्रि में की गई।
मुफ्फसिल थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि पत्थलबाड़ी-जाफरगंज सड़क की ओर दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ मौके पर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही दोनों व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें बल के सहयोग से खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपना नाम अबु सूफियान, उम्र 31 वर्ष, पिता नजरूल हक, सा० इमली टोला, थाना मनसाही, जिला कटिहार और मो. नासिम, उम्र 30 वर्ष, पिता हजरत अली, सा. सहजा, थाना मनसाही, जिला कटिहार बताया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 100 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
मुफ्फसिल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस बरामद स्मैक के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह