रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी की पिंकी बनी बिहार जूनियर फुटबॉल टीम की कप्तान
सीवान, 13 सितंबर (हि.स.)। रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी, मैरवा की आवासीय प्रशिक्षु खिलाड़ी पिंकी कुमारी ने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन की ओर से आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए गठित बिहार की 20 सदस्यीय टीम की कप्तानी पिंकी कुमारी को सौंपी गयी है।
प्रतियोगिता 10 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है. बिहार की टीम ने प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरुआत झारखंड के खिलाफ की, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए 13 सितंबर को खेले गये मुकाबले में दिल्ली को 3-1 से पराजित कर अपनी दावेदारी मजबूत कर ली ।
रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक सह निदेशक संजय पाठक ने बताया कि पिंकी को बिहार टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलना एकेडमी के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि पिंकी ने अपने खेल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
पिंकी के कप्तान बनने पर सीवान आईएमए के सदस्यों सहित रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी के मुख्य संरक्षक डॉ. आरएन ओझा, निदेशक राजीव लोचन मिश्रा, डॉ. शरद चौधरी, डॉ. रीता सिन्हा, डॉ. अलख निरंजन पांडेय, प्राचार्य राजकुमार सिंह, दिनेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एकेडमी से राष्ट्रीय स्तर की टीम की कप्तानी तक पहुंची पिंकी की उपलब्धि ने मैरवा की खेल प्रतिभाओं के लिए भी नई उम्मीद जगायी है।खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि पिंकी के नेतृत्व में बिहार की जूनियर बालिका टीम प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma