सदर अस्पताल में तीन माह में 480 शल्य प्रसव, 58 अन्य ऑपरेशन

 


सीवान, 20 अगस्त (हि.स.)। सदर अस्पताल, सीवान में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खासकर उच्च जोखिम वाले प्रसव के मामलों में अस्पताल में कार्यरत महिला विशेषज्ञ चिकित्सकों, सर्जन, मूर्छक एवं अन्य चिकित्सकों तथा पैरा मेडिकल कर्मियों की टीम के सहयोग से नि:शुल्क शल्य विधि द्वारा प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

जून से 19 अगस्त तक सदर अस्पताल में 480 शल्य प्रसव कराए गए, जबकि इस दौरान 58 अन्य ऑपरेशन भी किए गए। सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर और नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उच्च जोखिम वाले प्रसव के मामलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जून 2026 में सदर अस्पताल में शल्य विधि से 149 प्रसव तथा 23 अन्य ऑपरेशन किए गए। जुलाई में शल्य प्रसव की संख्या बढ़कर 210 रही, जबकि 23 अन्य ऑपरेशन हुए। वहीं अगस्त में 1 से 19 अगस्त तक 121 शल्य प्रसव और 12 अन्य ऑपरेशन किए गए। इस तरह तीन माह के दौरान कुल 480 शल्य प्रसव और 58 अन्य ऑपरेशन हुए।

सदर अस्पताल में प्रसव के साथ-साथ हर्निया, हाइड्रोसील, मोतियाबिंद और ओवेरियन सिस्ट समेत अन्य बीमारियों से संबंधित शल्य चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल कर्मियों की उपलब्धता के माध्यम से मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने सिवानवासियों से अपील करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लेने के लिए सदर अस्पताल आएं और यहां उपलब्ध नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य सरकारी अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma