मैरवा के छह निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर प्रशासन सख्त, डीएम ने 15 दिनों में मांगा स्पष्टीकरण
सीवान, 27 फ़रवरी (हि.स.)।
सीवान के मैरवा प्रखंड में संचालित छह निजी अस्पतालों एवं जांच केंद्रों पर गंभीर अनियमितता के आरोपों को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विवेक रंजन मैत्रेय ने संबंधित सभी संचालकों से 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ समाहरणालय स्थित अपने न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी, सिवान सदर द्वारा मैरवा क्षेत्र में संचालित श्री राधे डायग्नोस्टिक सेंटर, मां शारदा हॉस्पिटल, साईं हॉस्पिटल, मां मंजू हॉस्पिटल, जीवन ज्योति हॉस्पिटल तथा बिहार जांच घर की जांच कर प्रतिवेदन समर्पित किया गया था। जांच प्रतिवेदन के आलोक में विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए एक डायग्नोस्टिक सेंटर को पूर्व में सील भी किया जा चुका है। अब शेष संस्थानों से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका संस्थान वैध रूप से संचालित है। इसके लिए 15 प्रकार के दस्तावेजों की मूल प्रति एवं एक सत्यापित प्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। इनमें कार्यरत चिकित्सकों का बीएमआरसी निबंधन प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक डिग्री, नियुक्ति पत्र एवं अनुबंध, वेतन एवं मानदेय विवरण , आय-व्यय का ब्यौरा, चिकित्सक एवं पारा मेडिकल कर्मियों की सूची, पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र, विगत छह माह की उपस्थिति विवरणी, भवन स्वीकृति योजना या किरायानामा, अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण-पत्र, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन अनुबंध, नेशनल हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स रजिस्ट्री पोर्टल पंजीयन प्रमाण-पत्र तथा दवा दुकान संचालित होने की स्थिति में औषधि अनुज्ञप्ति शामिल हैं।
आदेश में यह भी उल्लेख है कि यदि कोई आवश्यक अभिलेख सील संस्थान के अंदर हो, तो संबंधित संचालक 24 घंटे पूर्व अंचलाधिकारी मैरवा एवं थाना प्रभारी मैरवा को आवेदन देकर परिसर अस्थायी रूप से खुलवाने का अनुरोध करेंगे। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कर दस्तावेज लेने के बाद संस्थान को पुनः सील किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों के अवलोकन के बाद ही यह निर्णय लिया जाएगा कि संबंधित संस्थान का सील जारी रहेगा या संचालन की अनुमति दी जाएगी। इस कार्रवाई से मैरवा क्षेत्र के निजी स्वास्थ्य संस्थानों में हलचल तेज हो गई
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma