सीताराम विवाह महोत्सव की तैयारियां शुरू, कल्लू राय और बबली दुबे बने राजाराम बाबा के प्रतिनिधि

 


बक्सर, 10 नवंबर (हि.स.)। नया बाजार स्थित श्री सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम में सिय-पिय मिलन महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष महोत्सव में बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा मुख्य आकर्षण होगी। वे 13 से 16 दिसंबर तक बक्सर में कथा सुनाएंगे।

श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कथा का आयोजन हवाई अड्डा परिसर में किया जाएगा। वहीं, अन्य धार्मिक कार्यक्रम आश्रम परिसर और नेत्र अस्पताल के समीप मैदान में आयोजित होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आश्रम परिसर में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने की, जबकि संचालन डॉ. रामनाथ ओझा ने किया। महंत जी ने बताया कि महर्षि श्री खाकी बाबा सरकार के 57वें निर्वाण दिवस एवं श्रीराम-जानकी के 25वें पाटोत्सव के अवसर पर 7 से 16 दिसंबर तक दस दिवसीय महोत्सव आयोजित होगा।

इसमें श्रीराम कथा, श्रीकृष्ण लीला, रामलीला, सत्संग, संकीर्तन और श्रीसीताराम विवाह महोत्सव सहित कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण जी महाराज 7 से 12 दिसंबर तक श्रीराम कथा सुनाएंगे। इसके बाद 13 से 16 दिसंबर तक आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा होगी। महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए व्यवस्थाएं करना चुनौतीपूर्ण है।

बक्सर की धार्मिक परंपरा और प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए सभी सनातन धर्मावलंबियों को एकजुट होकर सहयोग करना होगा। उन्होंने समाजसेवी कल्लू राय और बबली दुबे को संयुक्त रूप से अपना प्रतिनिधि घोषित करते हुए आयोजन की तैयारियों और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही जिलेवासियों से दोनों को सहयोग देने की अपील की। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह छह से नौ बजे तक श्रीरामचरितमानस का सामूहिक नवाह पारायण, सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक श्रीकृष्ण लीला और रात आठ से बारह बजे तक रामलीला का मंचन होगा। दमोह की संकीर्तन मंडली नौ दिवसीय अष्टयाम श्रीहरिनाम संकीर्तन करेगी। 12 दिसंबर को पुष्पवाटिका लीला और धनुष यज्ञ, 13 दिसंबर को मटकोर एवं श्रीराम बारात शोभायात्रा, 14 दिसंबर को शाम सात बजे श्रीसीताराम विवाह महोत्सव और 15 दिसंबर को श्रीराम कलेवा का आयोजन होगा। बैठक में राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, व्यवसायी अशोक सर्राफ, वैष्णवी ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप राय, पार्षद इंद्र प्रताप सिंह, राघवेंद्र राय, ओम जी यादव, नंदू पांडेय, रेडक्रॉस अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, सचिव डॉ. श्रवण तिवारी सहित आयोजन समिति के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra