दुष्कर्म के आरोप में एसआईटी गठित, आरोपित की गिरफ्तारी को छापेमारी

 


किशनगंज, 22 अगस्त (हि.स.)। पौआखाली थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म के आरोप के मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गंभीरता दिखाते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी की टीम आरोपित के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों को मामले में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पीड़िता द्वारा पौआखाली थाना में दिए आवेदन के आधार पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया के खिलाफ पौआखाली थाना में मामला दर्ज किया था। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने आवेदन में आरोप लगाया है कि 28 जुलाई की रात उसकी बेटी से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत कराने के बहाने उसे, उसके पति और बेटी को वाहन से ले जाया गया था।

आरोप है कि रास्ते में उसके पति को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद महिला और उसकी बेटी को किशनगंज स्थित एक होटल ले जाया गया। पीड़िता के अनुसार, होटल में पहले उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। इसमें सफल नहीं होने पर बेटी को दूसरे कमरे में भेज दिया गया और आरोपित ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने तथा पांच लाख रुपये का लालच देकर मामले को दबाने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस मामले में घटनाक्रम से जुड़े लोगों, होटल और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। पीड़िता ने आरोपित को प्रभावशाली बताते हुए परिवार को धमकी दिए जाने की बात कही है और उसकी गिरफ्तारी के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसआईटी गठित होने के बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई तेज कर दी गई है।

बताया गया है कि आरोपित पर पूर्व में हर्ष फायरिंग, वाहन से शराब बरामदगी और पत्रकार को धमकाने जैसे आरोप भी लगे हैं। हालांकि, वर्तमान मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह