एसआईआर के विरोध में वाम दलों ने निकाला प्रतिरोध मार्च

 


सुपौल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों के विरोध में वाम दलों के संयुक्त आह्वान पर गुरुवार को सुपौल में प्रतिरोध मार्च निकाला गया।

26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत आयोजित मार्च में वाम दलों के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत ऐतिहासिक गांधी मैदान से हुई। यहां से वाम दलों के नेता और कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए लोहिया चौक पहुंचे, जहां मार्च सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता पिपरा विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन समर्थित भाकपा माले नेता अनिल कुमार ने की।

सभा को संबोधित करते हुए वाम दलों के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे रद्द करने तथा इसके बाद हुए चुनावों को भी रद्द करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के कारण बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर हुए हैं, जिससे उनके मताधिकार पर असर पड़ा है।

वक्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया में किए गए बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रियान्वयन को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से बाहर किए जाने से लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हुए हैं।

वाम नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए।

सभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार और नरेंद्र मोदी के पुतले का दहन किया। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों के इस्तीफे की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

विरोध प्रदर्शन में भाकपा माले के जिला सचिव जयनारायण यादव, जिला कार्यालय सचिव अरविंद कुमार शर्मा, अनिल कुमार, माले नेता अच्छेलाल मेहता, नवलकिशोर मेहता, जन्मजय राय, मुकेश कुमार, फिरोज आलम, रामचंद्र शर्मा, उपेंद्र सदा, जय प्रकाश चौधरी, जितेंद्र चौधरी, लीला देवी, हीरा देवी एवं गीता देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

वहीं भाकपा के जिला सचिव विद्यानंद कामत, शंभू शरण शर्मा एवं चंदेश्वरी यादव तथा माकपा नेता अरुण कुमार यादव और मो. निजाम सहित अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र