सिकटी में तालाब में नहाने के दौरान किशोर की मौत,पुलिस जांच में जुटी
अररिया 03 अक्टूबर(हि.स.)। जिले के सिकटी प्रखंड के कौआकोह वार्ड नंबर चार में शनिवार को 17 वर्षीय किशोर शंकर कुमार की शनिवार दोपहर को तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह विनोद सरदार का बेटा था और कपड़ा धोने के लिए तालाब गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शंकर गांव के अन्य लड़कों के साथ तालाब में नहा रहा था। नहाने के दौरान बच्चों में तालाब के बीच स्थित लकड़ी का लगा जाठ छूने की होड़ लगी। जाठ छूकर लौटते समय शंकर पानी में डूब गया।साथ नहा रहे लड़कों के चिल्लाने पर ग्रामीण जमा हुए और किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।इस घटना से पूरे कौआकोह गांव में शोक का माहौल है।
शंकर अपने पिता का इकलौता बेटा था और उसकी मां नहीं थीं।सूचना पर बरदाहा थानाध्यक्ष इम्तियाज़ खान मृतक के घर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर