सिमराही में जाम पर प्रशासन सख्त, आज से चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

 


सुपौल, 04 सितंबर (हि.स.)। राघोपुर प्रखंड के सिमराही बाजार में एनएच-27 पर लगातार लग रहे जाम की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।

राघोपुर थाना परिसर में प्रशासन, पुलिस, व्यवसायियों और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। इसके बाद अधिकारियों ने सिमराही बाजार, दुर्गा मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।बैठक में शुक्रवार से पूरे सिमराही बाजार में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नगर पंचायत सिमराही को एनएच-27 की सर्विस लेन, सड़क किनारे लगी अवैध अस्थायी दुकानों, ठेला-खोमचा और अवैध हाट के खिलाफ नियमित चालान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।नगर पंचायत की ओर से ध्वनि विस्तारक यंत्र और घर-घर जाकर दुकानदारों को सड़क एवं सर्विस लेन पर अतिरिक्त दुकान नहीं लगाने तथा यातायात में बाधा नहीं डालने के लिए जागरूक किया जाएगा। अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने कहा कि सिमराही की पहचान जाम से नहीं, बल्कि व्यवस्थित बाजार के रूप में होनी चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से सड़क और सर्विस लेन पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार ने अतिक्रमण हटने के बाद दोबारा कब्जा रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे ई-रिक्शा और सिटी रिक्शा पर भी कार्रवाई की जाएगी। एनएच-27 किनारे लगने वाले अवैध हाट को हटाकर डाक बंगला परिसर के पीछे खाली जमीन पर सब्जी, फल और छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित करने की योजना पर भी विचार किया गया।

प्रशासन का मानना है कि इससे मुख्य सड़क पर भीड़ और यातायात का दबाव कम होगा। अधिकारियों ने दुर्गा मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया और दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी। दुर्गा पूजा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जर्जर पंचायत भवन को दुर्गा पूजा से पहले हटाने, पीछे की खाली जमीन पर मेला लगाने तथा सूखे पीपल के पेड़ को वन विभाग की मदद से हटाने का निर्देश दिया गया। प्रशासन के अनुसार इन व्यवस्थाओं से जाम, दुर्घटना और पूजा के दौरान यातायात संबंधी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र