सिल्क ग्लोबल एक्सपो एंड स्टार्टअप बिजनेस मेला
भागलपुर, 27 मार्च (हि.स.)। जिले के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। आगामी 24 अप्रैल से शहर में सिल्क ग्लोबल एक्सपो एंड स्टार्टअप बिजनेस मेले का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जो लगातार 18 दिनों तक चलेगा। इसको लेकर आयोजकों ने शुक्रवार को बताया कि यह मेला दिल्ली के प्रगति मैदान में लगने वाले अंतरराष्ट्रीय मेले की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। जहां लोगों को बड़े स्तर का व्यापारिक और सांस्कृतिक अनुभव एक ही स्थान पर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार मेले में देश-विदेश के सिल्क उत्पाद, हस्तशिल्प, रेडीमेड गारमेंट्स, घरेलू सामान, आधुनिक तकनीक और स्टार्टअप कंपनियों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां आने वाले लोगों को खरीदारी के साथ-साथ नए बिजनेस आइडिया, रोजगार के अवसर और उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी मिलेगी।
भागलपुर सिल्क नगरी के रूप में विश्व प्रसिद्ध है। ऐसे में यह एक्सपो स्थानीय बुनकरों, व्यापारियों और युवाओं के लिए बड़ा मंच साबित हो सकता है। मेले में मनोरंजन, फूड जोन, बच्चों के लिए आकर्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था रहेगी। जिससे पूरा परिवार इसका आनंद उठा सकेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन भागलपुर की पहचान, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर