भक्तिमय हुआ रेशमी शहर: 81 स्थानों पर विराजीं मां काली, ऐतिहासिक मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
भागलपुर, 09 नवंबर (हि.स.)।
कार्तिक अमावस्या के पावन अवसर पर रेशमी शहर भागलपुर पूरी तरह से मां काली की आराधना और भक्ति के रंग में सराबोर हो गया है।
इस वर्ष शहर के 81 प्रमुख स्थानों पर मां काली की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक पंडालों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सोमवार सुबह से ही मंदिरों के पट खुलते ही दर्शन और खोइंछा भरने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। परबत्ती स्थित मां बुढ़िया काली मंदिर यहां करीब 200 वर्षों से मां काली की पूजा की जा रही है।
परंपरा के अनुसार, विसर्जन शोभायात्रा में परबत्ती की मां बुढ़िया काली की प्रतिमा सबसे आगे चलती है। यहां मेले के साथ-साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। बूढ़ानाथ स्थित मां बम काली मंदिर का इतिहास महान तांत्रिक साधक बामा खेपा से जुड़ा है, जहां 200 वर्षों से अधिक समय से पूजा होती आ रही है।
अनूठी परंपरा के तहत, विसर्जन शोभायात्रा में मां बम काली की प्रतिमा सबसे पीछे चलती है और खलीफाबाग चौक पर बुढ़िया काली व बम काली का ऐतिहासिक मिलन होता है। उर्दू बाजार की मशान काली एवं इशाकचक की बुढ़िया काली के प्रमुख केंद्रों पर तांत्रिक और पारंपरिक विधि-विधान से निशा पूजा संपन्न हुई, जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने मन्नतें मांगीं। वहीं कालीबाड़ी मंदिर में बंगाली परंपरा के अनुसार खिचड़ी, खीर और फलों का विशेष भोग अर्पित किया गया, वहीं मंदरोजा में 101 किलो खीर व 25 किलो हलुआ के भोग के साथ कन्या पूजन आकर्षण का केंद्र रहा।
अन्य प्रमुख पूजा स्थलों में मुंदीचक के स्वर्णकार काली मंदिर, दक्षिणी क्षेत्र के मां मुढ़िया काली मंदिर (जहां महाकामाख्या मंदिर की तर्ज पर 51 फीट ऊंचा पंडाल बना है), कोयला घाट, खिरनी घाट और बड़ी खंजरपुर में भी भक्तों का तांता लगा हुआ है। काली पूजा केंद्रीय महासमिति के अनुसार, मंगलवार शाम से भव्य विसर्जन शोभायात्रा शुरू होगी, जिसके लिए स्टेशन चौक पर मुख्य नियंत्रण शिविर लगाया गया है।
प्रशासन और अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट हैं; सुरक्षा के मद्देनजर शहर को चार जोन में बांटा गया है और 17 संवेदनशील स्थानों पर दमकल की गाड़ियां व पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर